बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए खाना बनाएंगे मुंबई के युवा
मुंबई: महाराष्ट्र के सांगली, कोल्हापुर, सतारा और अकोला में आलम यह है कि कॉलोनियां और सड़कें डूब गई हैं। अपनों से लोगों का संपर्क भी टूट रहा है। सेना की तरफ से व्यापक स्तर पर बचाव कार्य चलाकर कई लोगों को बचाया जा चुका है। बारिश अब भी जारी होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। सेना के अलावा स्थानीय लोगों को मदद पहुंचाने के लिए मुंबई से लोग वहां पहुंच रहे हैं। मुंबई में वंचित बच्चों को रोजाना खाना खिलाने वाली संस्था ‘रोटी घर’ के सदस्य प्रभावित क्षेत्रों में मदद के लिए रविवार की दोपहर सांगली के लिए रवाना हो गए। 

संस्था के संस्थापक चीनू क्वात्रा ने बताया कि बाढ़ के कारण लोगों के घर डूब गए हैं। नतीजतन खाना बनाना मुश्किल हो गया है। बिस्किट, नमकीन और अन्य ऐसे खाद्य पदार्थों के अलावा हम प्रभावित क्षेत्रों के लिए भोजन उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए हम रोटी घर के लिए इस्तेमाल होने वाली मोबाइल किचन के साथ वहां पहुंच रहे हैं। हमारे पास पर्याप्त चावल और दालें हैं, जिनसे हम रोजाना दर्जनों लोगों को वहां ताजा खाना खिला सकेंगे।